- आरोपी अनुकल्प मिश्रा के घर पहुंची पुलिस
- शेयर बाजार में निवेश की बात आई सामने
- रिश्तेदारों के 30 बैंक खाते फ्रीज
- तीनों आरोपी 40 घंटे की रिमांड पर
- फर्जी चंदा रसीदें भी बरामद
अयोध्या। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने गुरुवार सुबह आरोपी अनुकल्प मिश्रा को उसके घर ले जाकर तलाशी ली। करीब 20 मिनट तक चली कार्रवाई के दौरान पुलिस ने परिजनों से भी पूछताछ की। हालांकि, तलाशी में क्या बरामद हुआ, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में अनुकल्प मिश्रा ने बताया कि वह और अविनाश शुक्ला चोरी के पैसों को शेयर बाजार में निवेश करते थे। इसके अलावा रकम लोगों को ब्याज पर देने और रिश्तेदारों व करीबियों के खातों के जरिए अपने खातों में ट्रांसफर कराने की बात भी सामने आई है।
इससे पहले बुधवार को पुलिस लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडेय को भी उनके घर लेकर गई थी, जहां तलाशी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के रिश्तेदारों के 30 बैंक खाते फ्रीज कर दिए हैं। इन खातों में आय की तुलना में अधिक लेनदेन मिलने की बात सामने आई है।
उधर, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ में कहा कि धर्म में चढ़ावे की चोरी महापाप है। उन्होंने मामले की जांच कर रही एसआईटी की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। वहीं, पुलिस ने बुधवार को तीनों आरोपियों को 40 घंटे की रिमांड पर लिया था। पूछताछ के दौरान उनके पास से फर्जी चंदा रसीदें भी बरामद हुई हैं।









