- शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का बड़ा बयान
- राम मंदिर ट्रस्ट और SIT पर उठाए सवाल
- आरोपी टिन्नू और सुभाष की रिमांड की तैयारी
- दानपात्र की चाबी को लेकर जांच तेज
- गोरखपुर में पोस्टर लगाने वाले 3 गिरफ्तार
अयोध्या। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने रविवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर अभी वास्तविक रूप में राम मंदिर नहीं बना है, बल्कि इसे RSS और BJP का कार्यालय बताया। उन्होंने कहा कि जब यह वास्तव में राम मंदिर बनेगा, तभी वह दर्शन के लिए जाएंगे।
शंकराचार्य ने राम मंदिर ट्रस्ट और जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि ट्रस्ट का गठन सरकार ने किया है और SIT भी सरकार ने ही बनाई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब व्यवस्था और जांच दोनों सरकार के नियंत्रण में हैं तो निष्पक्ष निर्णय कैसे होगा।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद इन दिनों ‘गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने’ के लिए 81 दिन की यात्रा पर हैं। इसी यात्रा के तहत वह रविवार सुबह रायबरेली पहुंचे।
वहीं, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस आरोपियों रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और सुभाष श्रीवास्तव को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। दोनों आरोपियों को सोमवार को फैजाबाद कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस 7 दिन की रिमांड मांग सकती है।
जांच में सामने आया है कि राम मंदिर के 54 दानपात्रों में से एक चाबी आरोपी टिन्नू यादव के पास रहती थी। इसी बीच गोरखपुर में चढ़ावा चोरी मामले को लेकर पोस्टर लगाने वाले सपा नेता अरविंद शुक्ला समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।









