
- खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के चलते विमानों का रूट बदला
- अमौसी एयरपोर्ट पर एक साथ उतरीं कई फ्लाइट्स
- 80 वर्षीय यात्री के हार्ट अटैक की सूचना बाद में निकली गलत
Lucknow के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर गुरुवार रात उस समय हलचल बढ़ गई, जब दिल्ली में खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण 6 उड़ानों को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। अलग-अलग एयरलाइंस की फ्लाइट्स ने अमौसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की।
इस दौरान एक फ्लाइट में मेडिकल इमरजेंसी की सूचना से अफरा-तफरी मच गई। करीब 80 वर्षीय यात्री ने खुद को हार्ट अटैक आने की बात कही थी, हालांकि जांच में यह सूचना गलत निकली।
ईंधन कम होने पर लखनऊ उतरी फ्लाइट
दिल्ली एयरपोर्ट पर खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण कई विमानों को वैकल्पिक एयरपोर्ट की ओर मोड़ना पड़ा। इंडिगो की फ्लाइट 6E329 (दिल्ली-मुंबई) को ईंधन कम होने की स्थिति में लखनऊ डायवर्ट किया गया।
विमान रात 8:44 बजे लखनऊ पहुंचा। यहां रीफ्यूलिंग के बाद फ्लाइट को मुंबई के लिए रवाना कर दिया गया।
एयर इंडिया और इंडिगो की कई उड़ानें प्रभावित
Air India की मुंबई-दिल्ली फ्लाइट AI2910, इंडिगो की हिसार-दिल्ली फ्लाइट 6E6984 और एयर इंडिया की बेंगलुरु-दिल्ली फ्लाइट को भी खराब मौसम की वजह से लखनऊ उतारा गया।
फ्लाइट्स डायवर्ट होने से यात्रियों को एयरपोर्ट पर काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
मेडिकल इमरजेंसी से घबराए यात्री
एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु-दिल्ली फ्लाइट AI2418 में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बुजुर्ग यात्री ने खुद को हार्ट अटैक आने की बात कही। सूचना मिलते ही विमान को प्राथमिकता के आधार पर रात 9:13 बजे रनवे-09 पर लैंड कराया गया।
फ्लाइट में मौजूद कुछ महिला यात्री घबराकर रोने लगीं। एयरपोर्ट पर डॉक्टरों की टीम ने बुजुर्ग यात्री की जांच की, जिसमें हार्ट अटैक की पुष्टि नहीं हुई। यात्री की हालत स्थिर बताई गई।
इस फ्लाइट से कुल 8 यात्रियों को लखनऊ में ऑफलोड किया गया।
अकासा एयर की फ्लाइट भी डायवर्ट
Akasa Air की हैदराबाद-दिल्ली फ्लाइट QP1407 और एयर इंडिया की एक अन्य फ्लाइट को भी खराब मौसम के चलते लखनऊ डायवर्ट किया गया।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार सभी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। एक साथ कई उड़ानों के आने से एयर ट्रैफिक कंट्रोल, ग्राउंड स्टाफ और मेडिकल टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया था।









