बलरामपुर। जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के बेल्हा ग्राम पंचायत में शनिवार रात दुर्गा पंडाल के बाहर भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार फोर्ड कार ने टेंट में बैठे सात लोगों को रौंद दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय ग्रामीण टेंट में प्रोजेक्टर के जरिए कार्यक्रम देख रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
टेंट में घुसी कार, दीवार से टकराई
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11 बजे कुछ लोग दुर्गा पंडाल के पास लगे टेंट में बैठकर प्रोजेक्टर पर कार्यक्रम देख रहे थे। तभी गौरा रोड की ओर से तेज रफ्तार फोर्ड कार (UP 32 KA 2425) आई और अनियंत्रित होकर टेंट में घुस गई। सात लोगों को कुचलने के बाद कार दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के कारण कुछ लोग उछलकर पांच से छह फीट दूर जा गिरे।
तीन लोगों की मौत, चार बहराइच रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने पाटेश्वरी प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, छेदीराम (50), घोपराम (31), डब्लू (37) और मुकेश तिवारी (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद चारों को बेहतर इलाज के लिए बहराइच के हायर सेंटर रेफर किया गया।
कार लेकर भागा ड्राइवर, लोगों ने पीछा कर पकड़ा
हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने करीब 15 किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया। लोगों का आरोप है कि चालक नशे में था और कार में शराब की बोतलें रखी थीं। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी कर करीब एक घंटे के भीतर चालक आदर्श यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। वह सीतापुर का रहने वाला बताया गया है।
अंधेरे में कार अनियंत्रित होने की बात
सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि चरनगहिया बेलहा गांव में सड़क किनारे कुछ लोग पर्दे पर प्रोजेक्टर के माध्यम से वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही कार अंधेरा होने के कारण अनियंत्रित हो गई और सात लोगों को टक्कर मार दी। पुलिस कार के मालिक के बारे में जानकारी जुटा रही है और चालक से पूछताछ कर रही है।
हर साल नवरात्र में होता है कार्यक्रम
ग्रामीणों के मुताबिक, मंदिर के पास हर साल नवरात्र के दौरान फिल्म दिखाने की व्यवस्था की जाती है। गांव के लोग एक साथ बैठकर दुर्गापूजा से जुड़ी फिल्में, भजन और सत्संग देखते हैं। शनिवार रात भी इसी तरह का कार्यक्रम चल रहा था, तभी गौरा रोड की ओर से आई कार बेकाबू होकर टेंट में घुस गई।









