स्मार्ट मीटर पर रोक, उपभोक्ताओं को बड़ी राहत

प्रीपेड नियमों में बदलाव, अब नहीं कटेगी तुरंत बिजली

  • प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया फिलहाल स्थगित
  • सात नियमों में बदलाव, पोस्टपेड जैसी सुविधा
  • त्योहार और छुट्टियों में रात में नहीं कटेगी बिजली
  • 30 दिन तक रिचार्ज की छूट
  • नेगेटिव बैलेंस पर भी 3 दिन बिजली चालू

अम्बेडकरनगर में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। स्मार्ट मीटर लगाने और उन्हें प्रीपेड में बदलने की प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद निगम ने प्रीपेड मीटर से जुड़े सात नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों से उपभोक्ताओं को अब पोस्टपेड जैसी सुविधा मिलने लगेगी।

त्योहार और छुट्टियों में नहीं कटेगी बिजली

नए प्रावधान के अनुसार त्योहारों और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में रात के समय स्मार्ट मीटर से बिजली नहीं काटी जाएगी। यह सुविधा खासतौर पर एक किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ताओं के लिए लागू की गई है। इससे छोटे उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

30 दिन तक रिचार्ज की छूट

कम बिजली खपत वाले उपभोक्ताओं को अब बड़ा फायदा मिलेगा। एक किलोवाट तक के उपभोक्ता 30 दिन के भीतर कभी भी अपना प्रीपेड मीटर रिचार्ज करा सकेंगे। इस दौरान उनकी बिजली सप्लाई जारी रहेगी। यानी अब तुरंत रिचार्ज का दबाव नहीं रहेगा।

नेगेटिव बैलेंस पर भी तीन दिन बिजली चालू

दो किलोवाट तक के उपभोक्ताओं के लिए भी नई सुविधा दी गई है। बैलेंस खत्म होने पर भी अगले तीन दिनों तक बिजली नहीं कटेगी। इसके अलावा 200 रुपये तक के नेगेटिव बैलेंस की सीमा तय की गई है। यह व्यवस्था पहले की तरह ही जारी रखी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button