- 7 वर्षीय छात्र की स्कूल में बिगड़ी तबीयत
- परिजनों ने टीचर पर लापरवाही का लगाया आरोप
- डीएम ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम बनाई
बाराबंकी। बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ क्षेत्र में एक प्राथमिक विद्यालय के 7 वर्षीय छात्र की सांप के काटने से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बच्चे ने सांप के काटने की जानकारी दी थी, लेकिन शिक्षक ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। हालत बिगड़ने के बाद छात्र की मौत हो गई। मामले को लेकर परिजनों ने अस्पताल में प्रदर्शन किया।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक छात्र अंशु के पिता अशोक कुमार का आरोप है कि घटना के बाद करीब तीन घंटे तक स्कूल प्रशासन ने परिवार को कोई सूचना नहीं दी। जब बच्चे की हालत गंभीर होकर वह बेहोश हो गया, तब उन्हें जानकारी दी गई। स्कूल पहुंचने तक बच्चे की मौत हो चुकी थी। उनका कहना है कि समय पर उपचार मिलता तो बेटे की जान बच सकती थी।
बाथरूम में सांप ने काटा
परिजनों के अनुसार, सोमवार दोपहर अंशु बाथरूम गया था। उसके साथ मौजूद छात्र रमन ने कथित तौर पर शिक्षिका को बताया कि अंशु को सांप ने काट लिया है, लेकिन उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। बाद में बच्चे की तबीयत लगातार बिगड़ती गई।
डीएम ने बनाई जांच टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। टीम में अपर जिलाधिकारी (ADM), अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) और बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को शामिल किया गया है। जिलाधिकारी ने तीन दिन के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।









