- रोहित पवार के PA की बेटी थी बच्ची
- मां से मामूली विवाद के बाद घर से निकली थी
- पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बारामती। पुणे के बारामती में एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार के पर्सनल असिस्टेंट की 12 साल की बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्ची का शव रविवार सुबह साईनगर इलाके में उसके घर के पास नाले के किनारे मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को किसी बात को लेकर बच्ची का अपनी मां से मामूली विवाद हुआ था। इसके बाद वह नाराज होकर घर से बाहर चली गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने पुलिस को सूचना दी और उसकी तलाश शुरू की गई।
सुबह नाले के पास मिला शव
रविवार सुबह पुलिस को बच्ची का शव घर के पास मिलने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बारामती सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।
रोहित पवार ने अधिकारियों से की बात
रोहित पवार ने बताया कि वह बारामती मेडिकल कॉलेज में मौजूद हैं, जहां बच्ची के परिवार, दोस्तों और परिचितों समेत कई लोग पहुंचे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेने के साथ करीब आधे घंटे तक पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। उनके मुताबिक, बच्ची के शव का पोस्टमार्टम शुरू हो चुका था।
पोस्टमार्टम के बाद सामने आएगी मौत की वजह
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल बच्ची की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारण का पता चल सकेगा। पुलिस बच्ची के घर से निकलने से लेकर शव मिलने तक की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।









