-
पहली बार डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नजर आएंगी भूमि पेडनेकर, ईशान खट्टर संग करेंगी रोमांस
-
‘द रॉयल्स’ से भूमि को मिला वो कनेक्शन, जो बाकी प्रोजेक्ट्स में नहीं दिखा
-
नेटफ्लिक्स की रोमांटिक कॉमेडी में भूमि का नया अवतार, जानी-मानी स्टारकास्ट भी शामिल
मुंबई – बड़े पर्दे पर दमदार अभिनय से पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर अब ओटीटी की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। वह जल्द ही नेटफ्लिक्स की आगामी वेब सीरीज ‘द रॉयल्स’ में नजर आएंगी। यह रोमांटिक कॉमेडी शो 9 मई को प्रीमियर के लिए तैयार है।
भूमि के मुताबिक, उन्हें इससे पहले भी कई ओटीटी प्रोजेक्ट्स के ऑफर मिल चुके थे, लेकिन उन्होंने स्क्रिप्ट पढ़ने के बावजूद उन्हें ठुकरा दिया था। हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने कहा, “मुझे पहले भी कई वेब सीरीज के ऑफर मिले थे जो बाद में काफी हिट साबित हुईं, लेकिन उनमें मुझे वैसा जुड़ाव नहीं महसूस हुआ जैसा कि ‘द रॉयल्स’ से हुआ।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरे लिए सबसे जरूरी चीज थी सही कहानी और पसंदीदा जॉनर। ‘द रॉयल्स’ एक रोम-कॉम है और यह मेरा फेवरेट जॉनर है। मैं मिल्स एंड बून के नॉवेल्स पढ़कर बड़ी हुई हूं और शायद यही वजह है कि मुझे कोरियन ड्रामा भी बहुत पसंद हैं।”
स्टारकास्ट में शामिल हैं कई दिग्गज चेहरे
‘द रॉयल्स’ में भूमि के साथ ईशान खट्टर मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इनके अलावा शो में जीनत अमान, साक्षी तंवर, नोरा फतेही, डिनो मोरिया, मिलिंद सोमन, चंकी पांडे, विहान सामत और सुमुखी सुरेश जैसे नामी कलाकार भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे।
नेटफ्लिक्स पर 9 मई को रिलीज होने जा रही इस वेब सीरीज से भूमि के फैंस को एक नए अंदाज़ में रोमांस और ह्यूमर का कॉम्बिनेशन देखने को मिलेगा।








