वाराणसी की दाल मंडी में बड़ा बुलडोजर एक्शन

वाराणसी। वाराणसी की दाल मंडी में सड़क चौड़ीकरण को लेकर सोमवार को प्रशासन की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। जर्जर घोषित 21 मकानों और दुकानों पर बुलडोजर चलाया गया। इस दौरान इलाके में भारी हंगामा हुआ और हालात काफी तनावपूर्ण हो गए।

कार्रवाई से पहले एक व्यापारी ने मकान के पहले फ्लोर पर खड़े होकर खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया और सुसाइड की चेतावनी दी। यह देख मौके पर मौजूद अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। अधिकारी व्यापारी को समझाने में जुट गए।

नाराज व्यापारी ने आरोप लगाया कि उसका मकान जर्जर नहीं है। उसने कहा कि प्रशासन जर्जर बताकर मुआवजा देने से बचना चाहता है। व्यापारी ने चेतावनी देते हुए दुकान में आग भी लगा दी, जिसे पुलिस ने समय रहते काबू में कर लिया।

बुलडोजर कार्रवाई के दौरान अन्य दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने भी विरोध किया। लोग प्रशासन से 10 दिन की मोहलत मांगते रहे। मौके पर कई लोग रोते-बिलखते नजर आए। हंगामे के बीच पुलिस ने 8 लोगों को हिरासत में लिया, जिन्हें खींचते हुए ले जाया गया। आरोप है कि कुछ लोगों के साथ पुलिस ने सख्ती भी की।

प्रशासन का कहना है कि दाल मंडी में सड़क चौड़ीकरण के लिए जर्जर मकानों और दुकानों को गिराया जा रहा है। दाल मंडी क्षेत्र में यह अब तक एक दिन में हुई सबसे बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button