
अम्बेडकरनगर। विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव के मार्गदर्शन और जिला संयोजक सुरेश कन्नौजिया के संयोजन में जिले के सभी मंडलों में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिला मुख्यालय स्थित न्यू सर्किट हाउस में प्रदेश महामंत्री और विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ल ने भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव और निवर्तमान जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी के साथ पौधरोपण किया।
‘पेड़ जीवन का आधार’, प्रदूषण और संतुलन पर जोर
पौधरोपण के बाद प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान आत्मसंतोष देने वाला प्रयास है। उन्होंने कहा कि एक औसत वृक्ष अपने जीवनकाल में बड़ी मात्रा में ऑक्सीजन का उत्पादन करता है और पर्यावरण संतुलन में अहम भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि पेड़ मिट्टी के कटाव को रोकते हैं, जल संरक्षण में मदद करते हैं और वायु को शुद्ध बनाते हैं।
पर्यावरण संरक्षण को बताया सामूहिक जिम्मेदारी
नगर पंचायत इल्तिफ़ात गंज के सुभाष नगर वार्ड में पौधरोपण के बाद जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि पेड़ बारिश को आकर्षित करने, तापमान नियंत्रित करने और ध्वनि प्रदूषण कम करने में सहायक हैं।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।









