
अम्बेडकरनगर। संयुक्त जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में शुक्रवार को विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन आरम्भ फाउंडेशन के संयोजन में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुन्दर वर्मा और जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान कुल 15 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले सभी लोगों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
गंभीर मरीजों के इलाज में मिलेगी मदद
अस्पताल प्रशासन के अनुसार संयुक्त जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में वर्तमान समय में 53 यूनिट रक्त उपलब्ध है। इस रक्त का उपयोग गंभीर मरीजों और जननी सुरक्षा योजना के तहत उपचाररत गर्भवती महिलाओं की जरूरत पड़ने पर किया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में मदद मिलती है। ऐसे शिविरों से लोगों में जागरूकता बढ़ती है और ब्लड बैंक में पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध रहता है।
अधिकारियों और चिकित्सकों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शैवाल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी.एन. यादव और डॉ. संजय वर्मा समेत कई अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।
अस्पताल प्रशासन की ओर से लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति के लिए रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित है और इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार मिल पाता है।









