
- कुड़ियाघाट इलाके में मिला 28 वर्षीय युवक का शव
- सोशल मीडिया पर फोटो देखकर परिवार को मिली सूचना
- परिजनों ने मोबाइल और सामान गायब होने पर जताया शक
लखनऊ। लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित कुड़ियाघाट में गोमती नदी से एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर शव की फोटो पोस्ट किए जाने के बाद परिजनों को युवक की मौत की जानकारी मिली। मृतक की पहचान फैजुल्लागंज निवासी 28 वर्षीय अनुराग दीक्षित के रूप में हुई है।
परिजनों ने मामले में ठाकुरगंज थाने में तहरीर देकर पूरे प्रकरण की जांच की मांग की है।
दुकान जाने की बात कहकर निकला था युवक
मृतक के भाई ज्ञानेंद्र कुमार दीक्षित ने बताया कि अनुराग चौक इलाके में एक कपड़े की दुकान पर काम करता था। गुरुवार सुबह वह रोज की तरह काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था।
इसके बाद परिवार को सोशल मीडिया के जरिए उसके डूबने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही परिजन पुलिस के संपर्क में पहुंचे।
मोबाइल और सामान गायब होने पर उठे सवाल
परिजनों का आरोप है कि जब अनुराग घर से निकला था, तब उसके पास मोबाइल फोन, पर्स और कपड़े थे। लेकिन पुलिस को जब शव मिला, तब उसके पास से मोबाइल, कपड़े और अन्य सामान गायब थे।
इसी बात को लेकर परिवार ने मामले में संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस बोली- नहाते समय डूबा युवक
पुलिस के मुताबिक अनुराग कुड़ियाघाट में नहाने के दौरान गोमती नदी में डूब गया था। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए King George’s Medical University के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।









