लखनऊ। अहमदाबाद से लखनऊ होते हुए दिल्ली जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में बम होने की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान के टॉयलेट में एक टिशू पेपर पर ‘बम’ लिखा मिला था, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट संख्या 6E-2111 हवा में थी, तभी क्रू मेंबर्स को टॉयलेट में संदिग्ध संदेश मिला। इसके बाद पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना देकर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। एटीसी ने एयरपोर्ट अथॉरिटी और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क करते हुए विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति दे दी।
सुबह करीब 11:15 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इसके बाद विमान में सवार सभी 180 यात्रियों और उनके सामान को बाहर निकाला गया। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने करीब एक घंटे तक विमान और यात्रियों के सामान की गहन जांच की।
जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। फिलहाल सभी यात्रियों को दोबारा विमान में बैठा दिया गया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक विमान दिल्ली के लिए रवाना नहीं हुआ था।
इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि फ्लाइट के अंदर संभावित खतरे की सूचना मिलने के बाद निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया। सभी आवश्यक जांच पूरी होने के बाद ही विमान को आगे की यात्रा के लिए रवाना किया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले भी लखनऊ एयरपोर्ट पर बम की धमकियों के मामले सामने आ चुके हैं। अक्टूबर 2024 में स्टार एयर और इंडिगो की उड़ानों को भी बम की धमकी मिली थी, लेकिन जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी।









