कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस हाई अलर्ट पर

अंबेडकरनगर। कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी। ईमेल के जरिए मिली धमकी के बाद पुलिस तुरंत अलर्ट मोड में आ गई और कचहरी व न्यायालय परिसर में व्यापक जांच अभियान चलाया।

जिला जज की मेल आईडी पर आया धमकी भरा ईमेल

पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे कोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा संदेश भेजा गया। इसमें दोपहर करीब एक बजे कोर्ट परिसर में बम विस्फोट की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया।

एसपी के निर्देश पर तुरंत हाई अलर्ट

मामले की जानकारी मिलते ही अभिजीत आर शंकर ने पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी किया। उन्होंने सर्विलांस और क्राइम ब्रांच की टीमों को ईमेल की जांच में लगा दिया।

साथ ही कचहरी परिसर की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

बम निरोधक दस्ते के साथ की गई जांच

सीओ सिटी नीतीश तिवारी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। टीम ने कचहरी परिसर के हर हिस्से की जांच की। पार्किंग स्थल, वकीलों के चैंबर और अन्य संवेदनशील स्थानों को बारीकी से खंगाला गया।

कचहरी में खड़े सभी वाहनों की भी तलाशी ली गई। सुरक्षा को देखते हुए आने-जाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी गई।

तीन घंटे चला अभियान, स्थिति सामान्य

करीब तीन घंटे तक चले इस अभियान के दौरान पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद भी एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button