
चंडीगढ़। पंजाब के पांच प्रमुख मंदिरों और चंडीगढ़ स्थित पंजाब सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। गुरुवार को मिले एक धमकी भरे ई-मेल में राज्य के कई धार्मिक स्थलों और सरकारी संस्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है।
धमकी में अमृतसर के दुर्ग्याणा मंदिर, पठानकोट के मुक्तेश्वर मंदिर, जालंधर के देवी तालाब मंदिर, बठिंडा के माइसरखाना मंदिर और पटियाला के काली देवी मंदिर का नाम लिया गया है। ई-मेल में दावा किया गया कि दोपहर 1:11 बजे से 3:11 बजे के बीच धमाके किए जाएंगे।
इसके साथ ही चंडीगढ़ स्थित पंजाब सचिवालय को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सचिवालय के कंट्रोल रूम को ई-मेल मिलने के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
प्रारंभिक जांच में किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है तथा संबंधित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।









