- सर्विस राइफल से की आत्महत्या
- परिजनों को भेजा ऑडियो
- साथी ने रोकने की कोशिश की
- पुलिस ने जांच शुरू की
- फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
बुलंदशहर। जिले के औरंगाबाद क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक सिपाही ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उसने अपने परिजनों को एक ऑडियो भेजा, जिसमें अपनी मौत के लिए थाने के एसओ और मुंशी को जिम्मेदार ठहराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक सिपाही सुधीर ठाकुर (25) तीन महीने पहले ही पुलिस सेवा में भर्ती हुआ था। वह मूल रूप से आगरा के इरादतनगर क्षेत्र के संगेचा गांव का रहने वाला था।
साथी सिपाही सौरभ ने बताया कि बुधवार देर रात सुधीर काफी परेशान था और बार-बार कह रहा था कि वह अब जीना नहीं चाहता। तड़के करीब तीन बजे वह सर्विस राइफल लेकर चौकी से नहर की ओर चला गया। सौरभ ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन सुधीर ने उसे भी गोली मारने की धमकी दी और हवा में फायरिंग कर दी।
सौरभ जब चौकी इंचार्ज को सूचना देने गया, उसी दौरान सुधीर ने अपनी गर्दन पर राइफल सटाकर गोली चला दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि जिस युवती से सुधीर प्रेम करता था, उसकी करीब एक महीने पहले शादी हो गई थी। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में था। हालांकि, आत्महत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।









