
- बीएचयू के चाणक्य छात्रावास में मारपीट का मामला
- एसआई समेत तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
- छात्र का आरोप—हॉस्टल में घुसकर किया गया हमला
- सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें, CCTV में कैद घटना
वाराणसी: Banaras Hindu University (बीएचयू) के चाणक्य छात्रावास में रहने वाले बीए एलएलबी छात्र प्रशांत राज ने एक एसआई समेत तीन लोगों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज कराया है।
पीड़ित छात्र का आरोप है कि एसआई मनोज कुमार (कानपुर निवासी), मोहित कुमार और प्रशांत कुमार ने छात्रावास में धोखे से प्रवेश किया और उस पर तथा उसके दोस्त हर्ष पर हमला कर दिया। हमले में दोनों छात्रों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। साथ ही आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पूरी घटना छात्रावास में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, प्रशांत और उसका रूम पार्टनर हर्ष कमरा नंबर 72 में रहते हैं और दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। इसी दौरान प्रशांत ने अपने भाई एसआई मनोज कुमार को बुलाया, जिसके बाद विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी एसआई कानपुर के कलेक्टरगंज थाने में तैनात है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।









