प्रीपेड मीटर व्यवस्था में बदलाव, अब उपभोक्ताओं को मिलेगा पोस्टपेड बिल

जिले के 60 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर पोस्टपेड मोड में बदले गए

अंबेडकरनगर में बिजली प्रीपेड मीटर व्यवस्था को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। प्रीपेड मीटर से जुड़ी समस्याओं और उपभोक्ताओं के विरोध के बाद अब मीटरों को पोस्टपेड मोड में बदला जा रहा है। इसके बाद उपभोक्ताओं को सामान्य रीडिंग के आधार पर बिजली बिल मिलेगा।

बिजली विभाग के अनुसार मई माह का बिल जून में पोस्टपेड मीटर रीडिंग के आधार पर तैयार किया जाएगा।

जिले में 4.30 लाख उपभोक्ता जुड़े

अकबरपुर, जलालपुर, टांडा और आलापुर डिवीजन में कुल 4.30 लाख बिजली कनेक्शन धारक हैं। इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के लिए 41 विद्युत उपकेंद्र संचालित हैं।

विभाग के अनुसार जिले में हर माह करीब एक मिलियन यूनिट बिजली की खपत होती है। उपभोक्ताओं की संख्या और खपत के आधार पर बिलिंग व्यवस्था को नियमित किया जा रहा है।

60 हजार से अधिक मीटर पोस्टपेड में बदले गए

बिजली विभाग के अनुसार करीब 1.05 लाख उपभोक्ताओं के घरों और प्रतिष्ठानों पर स्मार्ट मीटर लगाए गए थे। इनमें से लगभग 60 हजार 300 मीटरों को पहले प्रीपेड मोड में बदला गया था।

प्रीपेड व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं ने विरोध जताया था और कई जगह प्रदर्शन भी हुए थे। इसके बाद विभाग ने अब इन मीटरों को वापस पोस्टपेड मोड में बदल दिया है।

मीटर रीडिंग व्यवस्था फिर से लागू

बिजली बिलिंग व्यवस्था को सुचारु करने के लिए मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने 300 मीटर रीडरों की तैनाती की है। ये रीडर घर-घर जाकर सामान्य मीटर की रीडिंग के आधार पर बिल तैयार करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button