अंबेडकरनगर। अकबरपुर थाना क्षेत्र के शहजादपुर पकड़ी गांव में गुरुवार देर शाम एक निजी गौशाला में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से चार गोवंश झुलस गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार शहजादपुर पकड़ी निवासी घनश्याम राजभर की निजी गौशाला में रात करीब 9:45 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने गौशाला को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी।
पशु चिकित्सक की निगरानी में चल रहा उपचार
मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने गोवंशों की जांच की। प्राथमिक आकलन के अनुसार चार गोवंश करीब 40 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। सभी घायल पशुओं का उपचार कराया जा रहा है और उनकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
घटना की सूचना पर शहजादपुर चौकी प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।
स्थानीय लोगों की सतर्कता और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।









