
- फ्रांस में बड़ा चाइल्ड एब्यूज स्कैंडल सामने आया
- 100 से ज्यादा स्कूल और डे-केयर सेंटर जांच के घेरे में
- बच्चों के साथ हिंसा और यौन शोषण के आरोप
- स्कूल मॉनिटर्स पर गंभीर आरोप लगे
पेरिस। फ्रांस इस समय बड़े चाइल्ड एब्यूज स्कैंडल से जूझ रहा है। राजधानी पेरिस समेत 100 से ज्यादा स्कूलों और डे-केयर सेंटरों में बच्चों के साथ हिंसा, यौन शोषण और रेप के आरोपों की जांच चल रही है। मामले सामने आने के बाद पूरे देश में नाराजगी और चिंता का माहौल है।
पेरिस की प्रॉसिक्यूटर लॉर बेको के अनुसार राजधानी में 84 प्रीस्कूल, करीब 20 प्राइमरी स्कूल और लगभग 10 डे-केयर सेंटर जांच के दायरे में हैं। कई मामलों में छोटे बच्चों के साथ यौन शोषण और दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
स्कूल मॉनिटर्स पर लगे गंभीर आरोप
जांच में जिन कर्मचारियों के नाम सामने आए हैं, वे स्कूल मॉनिटर्स बताए जा रहे हैं। ये कर्मचारी बच्चों की देखभाल लंच ब्रेक, खेल, सोने के समय और आफ्टर-स्कूल गतिविधियों के दौरान करते हैं।
अभिभावकों का आरोप है कि कुछ मॉनिटर्स बच्चों पर चिल्लाते थे, उनके बाल खींचते थे और उन्हें खाना देने से भी मना कर देते थे। कई मामलों में बच्चों के साथ यौन शोषण के आरोप भी लगाए गए हैं।
शिकायत दर्ज कराने में भी करनी पड़ी मशक्कत
पीड़ित परिवारों के वकीलों का कहना है कि कई अभिभावकों को शिकायत दर्ज कराने और कार्रवाई शुरू करवाने के लिए महीनों तक संघर्ष करना पड़ा। मामले सामने आने के बाद अब प्रशासन और जांच एजेंसियों पर कार्रवाई तेज करने का दबाव बढ़ गया है।









