
नई दिल्ली। NEET पेपर लीक सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने किया, जो शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे और एयरपोर्ट से सीधे धरना स्थल पर पहुंचे।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा शामिल हुए। कई अभिभावक और बुजुर्ग भी अपने बच्चों के साथ विरोध प्रदर्शन में पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
इस दौरान अभिजीत दीपके ने कहा, “भारत आते ही मुझे लगा कि ये मेरी आजादी के आखिरी पल हैं। सरकार हमारी पोस्ट हटा सकती है, लेकिन हमें मिटा नहीं सकती।” उनके इस बयान पर प्रदर्शनकारियों ने जोरदार समर्थन जताया।
धरना स्थल पर एक दिलचस्प घटना भी देखने को मिली, जब एक व्यक्ति कथित तौर पर CJP के विरोध में कॉकरोच मारने वाली दवा (हिट) लेकर पहुंच गया। आयोजकों और प्रदर्शनकारियों ने उसे विरोध स्थल से बाहर कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान नेटवर्क संबंधी समस्याओं की भी शिकायत सामने आई। कई प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि उन्हें मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
CJP का कहना है कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और इसी मुद्दे को लेकर यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया है।









