चाइनीज मांझे से मौतों पर सीएम योगी नाराज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे से हो रही लगातार मौतों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इस मुद्दे पर अधिकारियों की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए सख्त निर्देश दिए हैं। सीएम ने अधिकारियों से सवाल किया कि प्रतिबंध के बावजूद बाजारों में चाइनीज मांझा कैसे बिक रहा है और इसे तुरंत रोकने के आदेश दिए।

मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि अब चाइनीज मांझे से होने वाली मौत को हत्या माना जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस प्रमुखों को जिलेवार छापेमारी कर अवैध रूप से बिक रहे मांझे के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, प्रदेश में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे की खुलेआम बिक्री जारी है। बीते एक साल में इसके कारण कम से कम 8 लोगों की मौत हो चुकी है। बुधवार को ही लखनऊ में एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव का गला चाइनीज मांझे से कट गया था, जिससे उनकी मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई थी। इस घटना के बाद सरकार और प्रशासन पर सवाल उठने लगे थे।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब यदि चाइनीज मांझे से किसी व्यक्ति की जान जाती है, तो संबंधित दुकानदार, सप्लायर और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया जाएगा और उन्हें जेल भेजा जाएगा। साथ ही प्रदेशभर में यूपी पुलिस द्वारा चाइनीज मांझे की जब्ती के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

सीएम ने दो टूक कहा कि चाइनीज मांझे पर पहले से ही प्रतिबंध है और इसकी बिक्री व उपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस अवैध नेटवर्क की पहचान कर तत्काल छापेमारी करें और दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button