
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेशभर में जहां भी डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाएं हैं, उनके ऊपर छत्र लगाया जाएगा। साथ ही संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमाओं का सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा।
जयंती से पहले सफाई और 14 अप्रैल को पुष्पांजलि
सीएम ने कहा कि 14 अप्रैल की जयंती से पहले भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर पर प्रतिमाओं के आसपास सफाई अभियान चलाएंगे। जयंती के दिन प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी और पार्कों की बाउंड्री व सौंदर्यीकरण का काम शुरू किया जाएगा।
स्थापना दिवस कार्यक्रम में संबोधन
उन्होंने ये बातें गोरखपुर के रामलीला मैदान में भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहीं। इस दौरान उन्होंने गोरखनाथ मंदिर परिसर में पार्टी का झंडा फहराया और विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
कई कार्यक्रमों में लिया हिस्सा
सीएम योगी ने गोरखपुर प्रेस क्लब के कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाई और डॉ. तेज प्रताप शाही कंप्यूटर लैब एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन किया। डॉ. शाही को याद करते हुए वह भावुक भी नजर आए।
राजनीतिक नजरिए से अहम घोषणा
योगी का यह ऐलान राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि विपक्षी दल दलित वर्ग को साधने की रणनीति में जुटे हैं और आगामी चुनावों में यह बड़ा मुद्दा बन सकता है।









