आगरा पहुंचे सीएम योगी, PWD प्रोजेक्ट्स और विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा में करीब 3 घंटे रहेंगे, PWD की योजनाओं, मेट्रो और सिविल एन्क्लेव परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे

आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath रविवार को आगरा पहुंच गए। खेरिया एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके बाद सीएम सर्किट हाउस के लिए रवाना हो गए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री आयुक्त सभागार में लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और मंडल के विकास कार्यों तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। इस दौरान उनका विशेष फोकस PWD की चल रही परियोजनाओं पर रहेगा।

सीएम योगी आगरा, मथुरा, मैनपुरी और फिरोजाबाद में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। साथ ही नए विकास प्रस्तावों पर भी चर्चा की जाएगी। बैठक में 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली सड़क, पुल-पुलिया और भवन निर्माण परियोजनाओं की स्थिति पर विस्तार से मंथन होगा।

इस दौरान आगरा मेट्रो के दोनों कॉरिडोर—आगरा कैंट से कालिंदी विहार और ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा—की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी। साथ ही ताजमहल के पास बन रहे छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम और खेरिया एयरपोर्ट के सिविल एन्क्लेव प्रोजेक्ट की स्थिति की भी समीक्षा होगी।

अधिकारियों ने सभी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट और नए प्रस्तावों का ड्राफ्ट तैयार कर लिया है, जिन्हें बैठक में मुख्यमंत्री के सामने रखा जाएगा। संभावना है कि सीएम कुछ नई योजनाओं को हरी झंडी भी दे सकते हैं।

मुख्यमंत्री का यह दौरा लगभग तीन घंटे का रहेगा, जिसमें विकास कार्यों की गति तेज करने और समय पर परियोजनाओं को पूरा करने पर जोर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button