जनता दर्शन में सख्त दिखे सीएम योगी

महिला को रास्ता न मिलने पर अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

  • गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी ने सुनी फरियाद
  • महिला ने दबंगों पर रास्ता रोकने और धमकी देने का लगाया आरोप
  • योगी बोले- रास्ता उपलब्ध कराओ, लापरवाही पर निलंबन की कार्रवाई करो
  • राजस्व मामलों में हीलाहवाली मिलने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को गोरखपुर में रहे। सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान एक महिला ने दबंगों पर रास्ता रोकने और शिकायत करने पर धमकी देने का आरोप लगाया।

महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि कुछ दबंग उसे आने-जाने के लिए रास्ता नहीं दे रहे हैं। विरोध करने पर वे कथित तौर पर कहते हैं कि जहां जाना है, चली जाओ। महिला की शिकायत सुनकर सीएम योगी नाराज हो गए और अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

‘रास्ता उपलब्ध कराओ, नहीं तो सस्पेंड करो’

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिला को रास्ता उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि रास्ता उपलब्ध कराने में कोई अधिकारी या कर्मचारी लापरवाही करता है तो जिम्मेदार लेखपाल, कानूनगो और तहसीलदार के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाए।

सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फरियादियों की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ किया जाए।

जमीन से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जमीन और राजस्व से जुड़े मामलों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या हीलाहवाली स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि जहां भी राजस्व मामलों के निस्तारण में लापरवाही सामने आए, वहां मामले की गंभीरता के अनुसार संबंधित कर्मचारी या अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button