PM मोदी के काशी दौरे की तैयारियों का सीएम योगी ने लिया जायजा

  • सीएम योगी ने पीएम मोदी की रैली स्थल का दौरा किया
  • सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग और पेयजल व्यवस्था की समीक्षा
  • 2 अगस्त को पीएम मोदी का 51वां काशी दौरा

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अपने वाराणसी दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे की तैयारियों का निरीक्षण करने सेवापुरी के बनौली पहुंचे। सीएम ने जनसभा स्थल, हेलीपैड, पार्किंग, पेयजल, ट्रैफिक और सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से समीक्षा की।

ब्लूप्रिंट देखकर की हर पहलू पर समीक्षा

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल का मैप और ब्लूप्रिंट देखकर अधिकारियों से जनता और कार्यकर्ताओं की आवाजाही के रास्तों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि पेयजल, शौचालय, हवा-प्रसारण और सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाएं तय समय पर पूरी कर ली जाएं। ट्रैफिक व्यवस्था को भी पूरी तरह दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया।

सुरक्षा और ट्रैफिक में न हो कोई चूक

सीएम योगी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि सुरक्षा और ट्रैफिक प्लानिंग में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। आने वाले वाहनों के लिए सटीक पार्किंग व्यवस्था होनी चाहिए। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी मानचित्र के माध्यम से दी।

हर विधानसभा से आएंगे 10-10 हजार कार्यकर्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को वाराणसी के 51वें दौरे पर आ रहे हैं। इस मौके पर बनौली में विशाल जनसभा प्रस्तावित है, जहां पीएम कई प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर जर्मन हैंगर वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है, ताकि बारिश की स्थिति में भी कोई बाधा न हो।

कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा ने 8 विधानसभाओं से 70-80 हजार कार्यकर्ताओं को जुटाने की योजना बनाई है। प्रत्येक विधानसभा से 10 हजार कार्यकर्ताओं के आने का लक्ष्य रखा गया है, जो जुलूस के रूप में पहुंचेंगे।

पीएम मोदी के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश

भाजपा जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि पीएम मोदी का स्वागत ऐतिहासिक होगा। इंदिरा गांधी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने वाले प्रधानमंत्री का आगमन कार्यकर्ताओं के लिए गर्व और उत्साह का क्षण है।

प्रशासन मुस्तैद, तैयारियां अंतिम चरण में

सीएम योगी के आगमन से पहले ही पुलिस और प्रशासनिक अफसर बनौली पहुंच चुके थे। रूट प्लान, सुरक्षा बिंदु, पार्किंग और जनसभा व्यवस्था की हर पहलू पर निगरानी रखी जा रही है। सीएम के निर्देश के बाद अब तैयारियों को और तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Back to top button