अदिति यादव पर टिप्पणी को लेकर बोले सीएम योगी

‘बेटी का अपमान बर्दाश्त नहीं’

आजमगढ़। आजमगढ़ दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पहली बार प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बेटी का सम्मान हर हाल में होना चाहिए और किसी भी बेटी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में उन्होंने देखा कि सपा प्रमुख की बेटी के खिलाफ कुछ लोगों ने अनुचित टिप्पणी की थी। इस पर उन्होंने तत्काल पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि किसी भी बेटी के सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गांव की बेटी को पूरे गांव की बेटी और गांव की बहन को पूरे गांव की बहन माना जाता है। उन्होंने कहा कि वे इसी संस्कार में पले-बढ़े हैं और बेटियों के सम्मान के मामले में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जा सकता।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग दूसरों को उपदेश देते हैं, उन्हें अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को भी भाषा की मर्यादा का पालन करने की सीख देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में टिप्पणी करते समय संयम और जिम्मेदारी जरूरी है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने आजमगढ़ में 955 करोड़ रुपये की 39 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में मंत्री ओमप्रकाश राजभर समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button