लखनऊ में सर्दी की दस्तक, घनी धुंध के साथ ठंडी हवाएं
न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने की संभावना
बुधवार का अधिकतम तापमान 28 डिग्री के आसपास
लखनऊ। राजधानी में बुधवार तड़के घनी धुंध और ठंडी हवाओं के बीच लोगों को ठिठुरना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। दोपहर तक सूरज निकलने से राहत मिलेगी, लेकिन रात और सुबह ठंड तेज रहेगी।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 28.5 और न्यूनतम 12.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था, जो सामान्य से कम है। आर्द्रता अधिकतम 64 और न्यूनतम 34 फीसदी दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी हिमालय में हिमपात और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के तेज होने के कारण ठंडी हवाओं का असर बढ़ गया है। आने वाले दो से तीन दिनों में आंशिक शीतलहर की स्थिति बन सकती है।








