औरैया। डीएम बृजेश कुमार के निर्देश पर औरैया जनपद में कॉमन योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, सत्तेवर के विशाल सभागार में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जिला मास्टर ट्रेनर शशिराज सेठ ने अपनी टीम सहयोगी योगेंद्र कुमार मिश्रा और उत्कर्ष सिंह के साथ प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा कराया। इसमें लगभग 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
आयोजन का संचालन राजयोगिनी कृष्णा बहिन के सहयोग से किया गया। उन्होंने सभी योग प्रशिक्षकों का स्वागत किया और ब्रह्माकुमारी संस्था की राखी बहिन द्वारा राजयोग कमेंट्री का अभ्यास कराया गया, जिससे प्रतिभागियों को मानसिक शांति और एकाग्रता का महत्व समझाया गया।
इस अवसर पर गायत्री परिवार से प्रदीप कुमार गुप्ता सहित बीके संजू बहिन, गीता बहिन, पूनम बहिन, रानी बहिन, प्रगति बहिन और नीरज बहिन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि ब्रह्माकुमारी संस्था सहित विभिन्न सामाजिक संगठन आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी आधार है। उन्होंने योग दिवस को व्यापक स्तर पर सफल बनाने में सभी संस्थाओं के सहयोग की सराहना की।
मास्टर योग ट्रेनर शशिराज सेठ ने बताया कि कॉमन योग प्रोटोकॉल का उद्देश्य योग को सरल और प्रभावी तरीके से हर व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि योग दिवस का आयोजन अधिक प्रभावी बनाया जा सके।









