जयपुर। नीट पेपरलीक मामले को लेकर कांग्रेस ने देशभर में आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। पार्टी इस अभियान की शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से करेगी, जहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी छात्रों के साथ एक बड़ा सम्मेलन करेंगे।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने देशव्यापी आंदोलन की घोषणा करते हुए कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों और युवाओं के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं और उनकी आवाज देश के युवाओं के लिए भरोसेमंद मंच बनकर उभरी है।
कोटा में आयोजित होने वाले पहले स्टूडेंट सम्मेलन में राहुल गांधी पेपरलीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और युवाओं से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। इसके बाद 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में भी छात्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
कांग्रेस के अनुसार, इन सम्मेलनों में प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों, युवा संगठनों, शिक्षकों तथा पेपरलीक और भर्ती घोटालों से प्रभावित लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। उद्देश्य उन लाखों युवाओं की समस्याओं को सामने लाना है, जिनका भविष्य परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों, बढ़ती परीक्षा लागत और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के अभाव से प्रभावित हो रहा है।
केसी वेणुगोपाल ने कहा कि इन कार्यक्रमों में प्रभावित युवाओं को अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा। साथ ही बार-बार होने वाले पेपरलीक और परीक्षा संबंधी घोटालों के लिए जवाबदेही तय करने की मांग भी उठाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस, प्रदेश कांग्रेस कमेटियां और जिला कांग्रेस कमेटियां देशभर में छात्रों और युवाओं को जोड़ने का काम करेंगी। छात्रों, शिक्षकों और अभ्यर्थियों से संपर्क कर परीक्षा सुधार और पारदर्शी भर्ती प्रणाली की मांग को मजबूत किया जाएगा।









