आगरा में साइबर ठगों ने एसीपी की फर्जी आईडी बनाकर की ठगी

आगरा। साइबर अपराधियों ने अब आम लोगों के बाद पुलिस अधिकारियों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। आगरा में सदर एसीपी इमरान अहमद की फोटो लगाकर ठगों ने तीन फर्जी फेसबुक आईडी बनाईं और उनके परिचितों से ठगी की।

आरोप है कि साइबर ठगों ने “डिप्टी एसपी इमरान अहमद” के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। इसके बाद तबादले का बहाना बनाकर पुराना फर्नीचर बेचने के नाम पर पैसे मांगे गए। कुछ लोगों ने आईडी को असली समझकर ऑनलाइन रुपये भी भेज दिए।

एसीपी इमरान अहमद ने बताया कि उन्होंने हाल ही में फेसबुक पर एक पोस्ट किया था, जिस पर परिचितों ने कमेंट कर फर्जी आईडी की जानकारी दी। इसके बाद पता चला कि उनके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर तीन अकाउंट बनाए गए हैं।

मामले की जानकारी मिलने पर एसीपी ने साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को फर्जी आईडी के लिंक और ठगी से जुड़े स्क्रीनशॉट भी सौंपे हैं।

साइबर थाना पुलिस ने फर्जी अकाउंट बंद कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही ठगी में इस्तेमाल हुए बैंक खातों की जांच की जा रही है। पुलिस आईपी एड्रेस के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सोशल मीडिया अकाउंट से पैसे की मांग होने पर पहले उसकी पुष्टि करें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button