लखनऊ। बीबीडी थाना क्षेत्र के जुग्गौर इलाके में गुरुवार सुबह अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान सिलिंडर फट गया। इस हादसे में रिफिलिंग कर रहे दुकानदार करन गंभीर रूप से झुलस गए। धमाके की आवाज लगभग 1 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के मकानों के लोग बाहर भाग गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने झुलसे दुकानदार को अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जुग्गौर इलाके में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध गैस रिफिलिंग चल रही थी, जिससे यह हादसा हुआ। इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और अवैध गैस रिफिलिंग से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।








