लखनऊ में सुबह घना कोहरा, विजिबिलिटी 50–100 मीटर

लखनऊ। राजधानी में शनिवार सुबह घने कोहरे का असर देखने को मिला। शहर के अलग-अलग इलाकों में सुबह के समय दृश्यता 50 से 100 मीटर तक सिमट गई। हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हुआ और धूप निकल आई। मौसम विभाग के अनुसार आज लखनऊ में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

सुबह और शाम के समय ठंड के साथ गलन भी बढ़ने लगी है। वहीं वायु गुणवत्ता भी लगातार चिंता बढ़ा रही है। शुक्रवार शाम 4 बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, शहर के 6 मॉनिटरिंग स्टेशनों का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 227 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

शनिवार को अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री ज्यादा रहा। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 93 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 41 फीसदी रिकॉर्ड की गई।

प्रदेश में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
उत्तर प्रदेश में कोहरे का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने पूर्वांचल के उत्तरी जिलों और पश्चिमी यूपी के तराई इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे को लेकर अगले तीन दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद दो दिनों तक यलो अलर्ट लागू रहेगा।

लखनऊ में भी इसका असर बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ और प्रदेश में चल रही पुरवा हवाओं के कारण अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, घने कोहरे से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button