- 22 दिन बाद अमिताभ की आवाज, क्या था उनकी चुप्पी का राज?
- सिर्फ नंबर वाले पोस्ट क्यों कर रहे थे बिग बी?
- ‘है चिता की राख कर में’ — एक कविता ने बयां किया दर्द
मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी लंबी चुप्पी तोड़ते हुए भारतीय सेना की वीरता और ऑपरेशन सिंदूर की सराहना की। करीब 20 दिनों तक केवल रहस्यमय नंबर वाली पोस्ट्स शेयर करने के बाद उन्होंने एक भावुक और देशभक्तिपूर्ण पोस्ट लिखकर आतंकवाद के खिलाफ मजबूत स्टैंड लिया।
“ऑपरेशन सिंदूर ने दिया मजबूत जवाब”
अमिताभ ने अपने पोस्ट में पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादी ठिकानों पर भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए लिखा, “छुट्टियां मानते हुए, उस राक्षस ने निर्दोष पति-पत्नी को बाहर खींचकर, पति को नग्न कर उसके धर्म की पूर्ति करने के बाद गोली मार दी। पत्नी के रोते हुए अनुरोध के बावजूद उस बुजदिल ने उसे विधवा बना दिया। जब उसने कहा ‘मुझे भी मार दो’, तो राक्षस ने जवाब दिया – ‘नहीं, तू जाके बता!'”
इसके बाद उन्होंने अपने पिता हरिवंश राय बच्चन की कविता की पंक्तियां याद करते हुए लिखा, “मानो वो बेटी… के पास गई और कहा – ‘है चिता की राख कर में, मांगती सिंदूर दुनिया’… तो ‘…’ ने दे दिया सिंदूर!!! ऑपरेशन सिंदूर!!”
“जय हिंद की सेना, तू ना थमेगा कभी!”
भारतीय सेना के साहस को सलाम करते हुए बिग बी ने आगे लिखा, “जय हिन्द, जय हिन्द की सेना! तू ना थमेगा कभी, तू न मुड़ेगा कभी, तू न झुकेगा कभी! कर शपथ, कर शपथ, कर शपथ! अग्नि पाथ! अग्नि पाथ! अग्नि पाथ!!”
क्या था पहलगाम हमले के बाद का विवाद?
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद देशभर में गुस्सा था। इसके जवाब में भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर अमिताभ बच्चन ने 10 मई तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, जिसके चलते सोशल मीडिया पर उनकी ट्रोलिंग शुरू हो गई।








