आशियाना में मॉडल वेंडिंग जोन निर्माण पर विवाद, LDA ने लगाई रोक

गौतम बुद्ध पार्क के पास फुटपाथ पर बन रही दुकानों को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध, एनओसी न लेने का आरोप।

लखनऊ। राजधानी के आशियाना स्थित एलडीए कॉलोनी में गौतम बुद्ध पार्क के किनारे फुटपाथ पर बनाए जा रहे मॉडल वेंडिंग जोन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर बिना आवश्यक अनुमति के पक्का निर्माण कराने का आरोप लगाया है। विरोध के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने नगर निगम को पत्र लिखकर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से 60 से अधिक दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। निर्माण स्थल पर सीमेंट, सरिया, पक्की दीवारों और बीम-पिलर का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि नगर निगम के अधिकारियों का दावा है कि यह अस्थायी निर्माण है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया गया है और इसके लिए आवश्यक एनओसी भी प्राप्त नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि मॉडल वेंडिंग जोन बनने से क्षेत्र में यातायात की समस्या बढ़ेगी और आसपास स्थित अस्पतालों तक पहुंचने में भी दिक्कत हो सकती है।

स्थानीय निवासी और विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ता कमलेश दीक्षित का कहना है कि बिना उचित योजना और अनुमति के किया जा रहा निर्माण भविष्य में गंभीर नागरिक समस्याओं का कारण बन सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य पूरी तरह नहीं रोका गया तो मामले को न्यायालय तक ले जाया जाएगा।

वहीं, स्थानीय पार्षद का कहना है कि मामले को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। फिलहाल LDA की आपत्ति के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया है और आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button