सीमांकन पत्थर को लेकर विवाद, पैमाइश टीम लौटी बिना नाप-जोख

लेखपाल पर गलत रिपोर्ट भेजने का आरोप, ग्रामीणों में नाराजगी

  • पैमाइश के दौरान नहीं मिला सीमांकन पत्थर, टीम वापस
  • पूर्व लेखपाल पर गलत रिपोर्ट देने का आरोप
  • ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और सही सीमांकन की मांग की

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर जिले के आलापुर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत रूढ़ी में सीमांकन को लेकर विवाद सामने आया है। खतौनी धारक मिथिलेश कुमार की शिकायत पर राजस्व टीम 25 अप्रैल की शाम पैमाइश के लिए मौके पर पहुंची, लेकिन सीमांकन पत्थर न मिलने के कारण नाप-जोख नहीं हो सकी।

राजस्व टीम में नायब तहसीलदार, कानूनगो और अन्य कर्मचारी शामिल थे। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों के अनुसार, कियरवा तालाब के पास जहां सीमांकन पत्थर होना बताया गया था, वहां पत्थर गड़ा नहीं मिला। इस कारण टीम को बिना पैमाइश लौटना पड़ा।

लेखपाल पर झूठी रिपोर्ट का आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूर्व लेखपाल सलीम ने बिना पत्थर गाड़े ही सीमांकन पूरा होने की रिपोर्ट भेज दी थी। आरोप है कि पत्थर खड़ा कर फोटो खिंचवाई गई और उसी आधार पर रिपोर्ट तैयार कर दी गई। इस मामले में कुछ ग्राम प्रधानों और प्रतिनिधियों पर भी गलत गवाही देने का आरोप लगाया गया है।

पहले भी हुआ था विवाद

स्थानीय लोगों के अनुसार, अप्रैल 2025 में भी रात के समय सीमांकन पत्थर लगाने का प्रयास किया गया था, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया था। इसके बाद अगले दिन फोटो लेकर सीमांकन पूरा होने की सूचना भेजी गई।

पैमाइश के दौरान बढ़ा विवाद

ग्रामीणों का कहना है कि मौके पर पहुंचे राजस्व कर्मियों ने बिना पत्थर गड़े ही पैमाइश करने का दबाव बनाया। इससे विवाद की स्थिति बन गई। बाद में टीम को लौटना पड़ा।

ग्रामीणों ने की सही सीमांकन की मांग
मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने प्रशासन से सही स्थान पर सीमांकन पत्थर गाड़ने और मामले की जांच कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button