डीएम की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक

अंबेडकरनगर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति तथा निपुण टास्क फोर्स की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार पटेल ने पी.पी.टी. प्रस्तुति के माध्यम से बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति और वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट किया कि जनपद में 04 फरवरी से होने वाले निपुण आकलन की सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए पार्टचार्ट के माध्यम से कार्य प्रगति सुनिश्चित करने और निर्माणदायी संस्थाओं की अलग बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में सुधार पर जोर

बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में समस्त अवस्थापन गैप और अन्य कमियों के निराकरण हेतु मौके पर उपस्थित जिला विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के लिए शिक्षण वातावरण को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम तुरंत उठाए जाएं।

आरटीई और डीबीटी योजनाओं का प्रभावी उपयोग

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि आरटीई के अंतर्गत दुर्बल एवं अलाभित समूह के बच्चों के नामांकन हेतु अभियान चलाया जाए। साथ ही डीबीटी के तहत उपलब्ध धनराशि का अधिकतम सदुपयोग सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत योजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि हर बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से लाभान्वित हो।

बच्चों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और विषय विशेषज्ञता पर ध्यान

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों में गणित, विज्ञान और अंग्रेजी विषयों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करना और उन्हें रोजगारपरक तथा रुचिकर शिक्षा उपलब्ध कराना प्राथमिकता हो। परिषदीय विद्यालयों में अधिकतर गरीब परिवेश के बच्चे आते हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारी है कि उन्हें उच्च स्तर की शिक्षा प्रदान की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button