डोमनेपुर गेहूं क्रय केंद्र पर डीएम का औचक निरीक्षण

तौल प्रक्रिया, स्टॉक और अभिलेखों की जांच, किसानों से ली व्यवस्थाओं की जानकारी

  • वीपैक्स डोमनेपुर गेहूं क्रय केंद्र का किया निरीक्षण
  • किसानों से बातचीत कर जानी समस्याएं
  • अभिलेख और स्टॉक जांच में सब सही मिला

अम्बेडकरनगर। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद व्यवस्था की निगरानी के क्रम में जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने गुरुवार को कटेहरी विकासखंड स्थित पीसीएफ संचालित वीपैक्स डोमनेपुर गेहूं क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर चल रही खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की पड़ताल की।

निरीक्षण के समय केंद्र पर किसान विजय सिंह परमार का गेहूं तौला जा रहा था। जिलाधिकारी ने मौके पर तौल प्रक्रिया को देखा और संबंधित कर्मचारियों से खरीद से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वहां मौजूद किसानों से बातचीत कर पूछा कि उन्हें गेहूं बिक्री में किसी प्रकार की दिक्कत तो नहीं हो रही है। किसानों से भुगतान प्रक्रिया, तौल व्यवस्था और केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली गई।
अभिलेखों का किया सत्यापन
जिलाधिकारी ने केंद्र पर उपलब्ध बोरों की संख्या की जांच की। निरीक्षण में कुल 1050 बोरे उपलब्ध पाए गए। इसके अलावा गेहूं स्टॉक रजिस्टर, खरीद रजिस्टर और अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया गया। अभिलेखों का मिलान सही पाया गया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खरीद से संबंधित सभी रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट किए जाएं, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी की स्थिति न बने।
किसानों को न हो परेशानी
जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारी को निर्देश दिया कि किसानों को केंद्र पर अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। तौल प्रक्रिया समय से पूरी की जाए और भुगतान में पारदर्शिता बनी रहे।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद प्रक्रिया निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संचालित होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button