डॉक्टर्स इलेवन ने टीचर्स इलेवन को हराकर 3-0 से जीती श्रृंखला

सात रन की जीत के साथ लगातार तीसरे मुकाबले में भी दर्ज की सफलता

अंबेडकरनगर। अकबरपुर के रगड़गंज स्थित वीसीए मैदान पर आराध्या श्री फाउंडेशन की ओर से आयोजित सड़क सुरक्षा सद्भावना कप में डॉक्टर्स इलेवन ने टीचर्स इलेवन को सात रन से हराकर श्रृंखला पर कब्जा कर लिया। लगातार तीसरी जीत के साथ डॉक्टर्स इलेवन ने तीन मैचों की श्रृंखला 3-0 से अपने नाम कर ली।

शुरुआती झटकों के बाद 81 रन तक पहुंची डॉक्टर्स इलेवन

मुकाबले में टीचर्स इलेवन के कप्तान प्रदीप पांडेय ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी डॉक्टर्स इलेवन की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने पांचवें ओवर तक 27 रन के स्कोर पर अपने तीन प्रमुख बल्लेबाज गंवा दिए।

इसके बाद डॉ. प्रमोद यादव ने 16 रन, रोहित ने 16 रन, डॉ. उत्कर्ष ने 15 रन और डॉ. अमोद ने 15 रन बनाकर पारी को संभालने का प्रयास किया। हालांकि टीचर्स इलेवन की अनुशासित गेंदबाजी के सामने पूरी टीम 12.3 ओवर में 81 रन पर सिमट गई। टीचर्स इलेवन की ओर से प्रदीप पांडेय ने चार विकेट और राजमान ने दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य से सात रन दूर रह गई टीचर्स इलेवन

82 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीचर्स इलेवन की टीम निर्धारित 16 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 74 रन ही बना सकी। टीम की ओर से कृष्णा ने 24 रन और मुकेश शुक्ला ने 14 रन का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके।

डॉक्टर्स इलेवन की ओर से रोहित और उत्कर्ष ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। सटीक गेंदबाजी और मजबूत क्षेत्ररक्षण के चलते टीम ने मैच पर पकड़ बनाए रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button