नई दिल्ली। घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। नई दरें रविवार रात 12 बजे से लागू हो गई हैं। इसके तहत 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की वृद्धि की गई है। राजधानी दिल्ली में अब घरेलू सिलेंडर 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये का हो गया है।
पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। मार्च और जून की बढ़ोतरी को मिलाकर घरेलू गैस सिलेंडर अब कुल 89 रुपये महंगा हो चुका है।
सूत्रों के अनुसार, तेल विपणन कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों में वृद्धि और घरेलू बिक्री पर होने वाले नुकसान के कारण कीमतों में संशोधन करना आवश्यक हो गया था।
वहीं सरकार का कहना है कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और गैस की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद भारत में उपभोक्ताओं को दुनिया की सबसे सस्ती कुकिंग गैस उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार के मुताबिक भारत में घरेलू एलपीजी की कीमतें कई पड़ोसी देशों के साथ-साथ अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया जैसी विकसित अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में कम हैं।
सरकार का यह भी कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में लागत बढ़ने के बावजूद उसका पूरा बोझ आम उपभोक्ताओं पर नहीं डाला जा रहा है। इसके लिए विभिन्न स्तरों पर राहत देने की व्यवस्था जारी है।









