आगरा। ट्रांस यमुना क्षेत्र के जगजीवन नगर में उस समय हड़कंप मच गया जब नशे की हालत में एक युवक हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़ गया। टॉवर पर पहुंचने के बाद उसने गमछे से खुद को बांध लिया और करीब तीन घंटे तक नीचे उतरने से इंकार करता रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, बिजली विभाग और बचाव दल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। काफी देर तक समझाने-बुझाने और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय निवासी सुभाष के अनुसार उसका भाई राजेश उर्फ बिलखा नशे का आदी है और अक्सर परिवार तथा मोहल्ले के लोगों से विवाद करता रहता है। दो दिन पहले भी उसका पड़ोसियों के साथ मामूली बात को लेकर झगड़ा हुआ था।
परिजनों के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे राजेश नशे की हालत में घर से निकला और पास स्थित हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़ गया। सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक टीमों ने सतर्कता बरतते हुए बिजली व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए।
पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद उससे पूछताछ की और परिजनों को सौंप दिया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।









