कंबोडिया से चल रहे साइबर ठगी नेटवर्क पर ED का बड़ा एक्शन

राजस्थान और पंजाब में छापेमारी, 36 हजार भारतीय सिम कंबोडिया में सक्रिय मिले; 5300 सिम साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कंबोडिया से संचालित एक अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान और पंजाब में कई स्थानों पर छापेमारी की है। जांच में खुलासा हुआ है कि हजारों भारतीय सिम कार्ड फर्जी तरीके से सक्रिय कर विदेशी नेटवर्क तक पहुंचाए जा रहे थे, जिनका उपयोग भारत में बड़े पैमाने पर साइबर धोखाधड़ी के लिए किया जा रहा था।

ईडी की जांच के दौरान करीब 2.3 लाख संदिग्ध मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया। जांच में सामने आया कि लगभग 36 हजार भारतीय सिम कार्ड कंबोडिया में सक्रिय थे। इनमें से करीब 5300 सिम कार्ड सीधे तौर पर भारत में साइबर ठगी के मामलों से जुड़े पाए गए।

जांच एजेंसियों के अनुसार, इन मोबाइल नंबरों का उपयोग देशभर में सैकड़ों करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए किया गया। मामले में ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत कार्रवाई शुरू की है। यह कार्रवाई जोधपुर साइबर पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई।

5 जून से शुरू हुए अभियान के तहत राजस्थान के किशनगढ़, नागौर और जोधपुर समेत पंजाब के लुधियाना में कुल सात स्थानों पर तलाशी ली गई। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और 14 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button