अम्बेडकरनगर। बसखारी क्षेत्र के मकोइया फीडर से होने वाली बिजली आपूर्ति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कटोखर, मूसेपुर, मकरही, चहोड़ा समेत आसपास के कई गांवों में लगातार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में कई बार बिना पूर्व सूचना के घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। दिन में कटौती के साथ रात में भी बार-बार ट्रिपिंग की समस्या सामने आ रही है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली न रहने से लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
रातों की नींद उड़ रही, दिनचर्या पर पड़ रहा असर
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय लगातार बिजली बाधित होने से नींद पूरी नहीं हो पा रही है। घरों में पंखे और कूलर बंद रहने से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
लो-वोल्टेज के कारण कई घरों में विद्युत उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं की चिंता और बढ़ गई है।
बिजली संकट से गहराया पानी का मुद्दा
मकरही, चहोड़ा और आसपास के गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित होने का असर जलापूर्ति पर भी दिखाई दे रहा है। मोटर और सबमर्सिबल पंप पर्याप्त समय तक नहीं चल पाने से लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पशुपालकों के सामने भी अतिरिक्त चुनौतियां खड़ी हो गई हैं।









