‘कांटा लगा’ फेम एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का कार्डियक अरेस्ट से निधन

  • ‘कांटा लगा’ फेम एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का 42 वर्ष की उम्र में निधन
  • कार्डियक अरेस्ट के बाद अस्पताल लाया गया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
  • मुंबई पुलिस ने शुरू की जांच, फोरेंसिक टीम जुटा रही सबूत

मुंबई। मशहूर एक्ट्रेस और ‘कांटा लगा’ म्यूजिक वीडियो से रातों-रात स्टार बनीं शेफाली जरीवाला का शुक्रवार रात निधन हो गया। 42 वर्षीय शेफाली को कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके चलते उन्हें अंधेरी स्थित बेलेव्यू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शेफाली को बेहोशी की हालत में उनके पति और टीवी एक्टर पराग त्यागी तीन अन्य लोगों के साथ अस्पताल लेकर पहुंचे थे। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उनके परिजन, दोस्त और फिटनेस ट्रेनर भी मौजूद हैं।

पुलिस जांच में जुटी

शेफाली की मौत की खबर सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अंबोली पुलिस स्टेशन की टीम ने शेफाली के घर पहुंचकर मेड और कुक से पूछताछ की है। साथ ही, फोरेंसिक टीम ने घर से सबूत भी इकट्ठा किए हैं। परिजनों के भी बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

मिर्गी से जूझ रही थीं, रखती थीं सख्त रूटीन

शेफाली के फिटनेस ट्रेनर ने बताया कि वह काफी अनुशासित जीवन जीती थीं। रोजाना एक्सरसाइज करती थीं और सख्त डाइट फॉलो करती थीं। उन्हें मिर्गी की बीमारी थी, लेकिन उन्होंने ठंडी चीजों और ड्रिंक्स से परहेज़ कर बीमारी को नियंत्रित किया था। ट्रेनर के अनुसार, दो दिन पहले ही शेफाली से मुलाकात हुई थी और वह सामान्य स्थिति में थीं।

बचपन से था मिर्गी का इलाज

एक इंटरव्यू में शेफाली ने बताया था कि उन्हें पहली बार 15 साल की उम्र में मिर्गी का दौरा पड़ा था। तनाव और चिंता के समय दौरे आते थे। लेकिन नियमित योग, एक्सरसाइज और सही जीवनशैली अपनाकर उन्होंने इस बीमारी पर नियंत्रण पा लिया था।

करियर की शुरुआत से ही रही चर्चा में

शेफाली जरीवाला ने 19 साल की उम्र में ‘कांटा लगा’ म्यूजिक वीडियो से करियर की शुरुआत की थी। इस गाने में उनके बोल्ड अंदाज और डांसिंग स्टाइल ने उन्हें लोकप्रियता की बुलंदियों पर पहुंचा दिया। इसके बाद उन्होंने कई म्यूजिक वीडियोज, फिल्मों और रियलिटी शोज में हिस्सा लिया।

साल 2004 में वह सलमान खान और अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ में नजर आई थीं। इसके अलावा कन्नड़ फिल्म ‘हुडुगारू’ में भी उन्होंने काम किया था। उन्होंने ‘नच बलिए’ जैसे डांस रियलिटी शोज में अपने पति पराग त्यागी के साथ शिरकत की थी।

निजी जीवन में उतार-चढ़ाव

शेफाली ने 2004 में संगीतकार हरमीत सिंह से शादी की थी, लेकिन 2009 में दोनों अलग हो गए। इसके बाद 2015 में उन्होंने एक्टर पराग त्यागी से विवाह किया।

Related Posts

बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र का निधन, 89 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

मुंबई/मथुरा। बॉलीवुड के सुपरस्टार और मथुरा की सांसद हेमा मालिनी के पति धर्मेंद्र का सोमवार को निधन हो गया। 89 वर्ष की उम्र में धर्मेंद्र ने मुंबई में अंतिम सांस…

Continue reading
कंगना रनोट ने बेटों और बेटियों के बीच भेदभाव पर खोला मुंह

मुंबई। बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस और भाजपा सांसद कंगना रनोट इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा अपने बयानों के कारण सुर्खियों में हैं। हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू…

Continue reading