खाद के लिए भटक रहे किसान, हर्रैया इफको केंद्र पर उठे सवाल

दोपहर बाद सर्वर बंद होने का दावा, एक सप्ताह से चक्कर लगाने की शिकायत

बसखारी (अम्बेडकरनगर)। हर्रैया स्थित इफको केंद्र पर खाद वितरण व्यवस्था को लेकर किसानों में नाराजगी बढ़ रही है। किसानों ने केंद्र पर अनियमितता और मनमानी के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि खाद लेने के लिए कई दिनों से चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें खाद नहीं मिल पा रही है।

ग्राम प्रधान दुग्विजय सिंह ने बताया कि वह पिछले एक सप्ताह से केंद्र पहुंच रहे हैं, लेकिन अब तक खाद नहीं मिली है। उनका आरोप है कि केंद्र के सचिव आदित्य तिवारी दोपहर दो बजे के बाद सर्वर न चलने की बात कहकर किसानों को वापस कर देते हैं। जबकि सरकारी कार्यालय का समय शाम पांच बजे तक निर्धारित है।

‘घंटों इंतजार, फिर खाली हाथ वापसी’

स्थानीय किसानों का कहना है कि यह समस्या सिर्फ एक दिन की नहीं है। उनके अनुसार केंद्र पर रोज बड़ी संख्या में किसान खाद लेने पहुंचते हैं, लेकिन कई किसानों को घंटों इंतजार के बाद भी निराश लौटना पड़ता है।

किसानों ने आरोप लगाया कि केंद्र संचालन से जुड़े कुछ लोगों के परिचितों को प्राथमिकता के आधार पर खाद उपलब्ध कराई जाती है। हालांकि इस संबंध में केंद्र प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

जांच और कार्रवाई की मांग

किसानों का कहना है कि समय पर खाद नहीं मिलने से खेती के कार्य प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने हर्रैया इफको केंद्र की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही केंद्र को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग भी उठाई है।

सुरेंद्र, चंद्रभान राजभर, अशोक, कन्हैया लाल समेत कई किसानों ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button