जलालपुर में सड़क हादसे में महिला मजदूर की मौत

अज्ञात वाहन ने महिला को कुचला, चालक फरार

अंबेडकरनगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के मंगुराडिला स्थित आर.एम. सस्ता ईंट उद्योग के पास बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में 40 वर्षीय महिला मजदूर रूनिया देवी की मौत हो गई। मृतका झारखंड के गढ़वा जिले के खजूरी गांव की निवासी थीं और अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए अंबेडकरनगर में मजदूरी करती थीं।

जानकारी के अनुसार, रूनिया देवी बुधवार सुबह सड़क पार कर रही थीं, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि महिला मौके पर ही दम तोड़ गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

रूनिया देवी अपने पति प्रदीप कुमार उर्फ सुनील के साथ इसी ईंट भट्टे पर काम करती थीं। घटना के बाद प्रदीप कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपित वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जलालपुर कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप यादव ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उन्होंने कहा कि अज्ञात वाहन चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। आवश्यक विधिक कार्रवाई जल्द की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button