लखनऊ में भीषण सड़क हादसा- दो ट्रकों की टक्कर, एक की मौत, दो घायल

  • तड़के देवा रोड किसान पथ पर दो ट्रक आमने-सामने टकराए
  • तीन लोग ट्रकों के नीचे फंसे, फायर ब्रिगेड ने रेस्क्यू किया
  • शाहजहांपुर निवासी ड्राइवर संदीप सिंह की मौके पर ही मौत

लखनऊ। देवा रोड किसान पथ पर मंगलवार तड़के करीब 4:40 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। दो ट्रक आमने-सामने टकरा गए, जिससे तीन लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हजरतगंज फायर स्टेशन के एफएसओ राम कुमार रावत ने बताया कि ओवरब्रिज के पास दो ट्रक भिड़ गए थे। ट्रक के केबिन में तीन लोग फंसे हुए थे। फायरकर्मियों ने काटकर केबिन खोला और भीतर से तीनों को बाहर निकाला। मृतक की पहचान संदीप सिंह निवासी निवाजपुर, शाहजहांपुर के रूप में हुई। वह ट्रक के पहिए के नीचे दब गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घायलों की पहचान महिपाल सिंह और शैलेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो शाहजहांपुर के ही रहने वाले हैं। उन्हें तुरंत एम्बुलेंस से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मृतक और घायलों के परिवार को दे दी गई है। परिजन शाहजहांपुर से लखनऊ के लिए रवाना हो चुके हैं। ट्रक मालिक उस्मान के मुताबिक, UP21 DT 9221 नंबर का ट्रक मुरादाबाद से परचून का सामान लेकर रांची जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही वह भी मौके पर पहुंचा, लेकिन ड्राइवर से संपर्क नहीं हो सका।

Back to top button