
आगरा: आगरा में साइबर अपराधियों ने दो कारोबारियों को निवेश पर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 1.07 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप का सहारा लिया।
ताजगंज के कारोबारी पुलकित गोयल ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के जरिए व्हाट्सएप ग्रुप “610 बार्कलेज स्मार्ट स्टॉक पिक्स” से जोड़ा गया। इस ग्रुप का संचालन सानिया जोशी नाम की महिला कर रही थी, जो लोगों को निवेश के निर्देश देती थी।
पुलकित ने 12 जनवरी से 28 फरवरी के बीच 57.55 लाख रुपये का निवेश किया। जब उन्होंने निवेश राशि निकालने की कोशिश की, तो रकम नहीं मिली।
वहीं पिनाहट के दिग्विजय सिंह तोमर ने बताया कि फेसबुक पर दोस्ती के बाद उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप का लिंक भेजा गया। ग्रुप में जुड़ते ही मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया गया। उन्होंने अपने फिलिंग स्टेशन के खाते और अन्य बचत खाते से 45.52 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम अधिक होने पर जब मुनाफा मांगा, तो आरोपी और रुपये मांगने लगे।
पीड़ितों ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि निवेश के नाम पर हुए घोटाले की जांच जारी है। जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम बनाई गई है।









