केरल में निपाह वायरस का पहला मामला, हाई अलर्ट जारी

कोझिकोड के 43 वर्षीय मरीज की हालत गंभीर, स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी

तिरुवनंतपुरम। केरल में इस वर्ष निपाह वायरस का पहला मामला सामने आने के बाद राज्यभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। संक्रमित 43 वर्षीय व्यक्ति कोझिकोड का निवासी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मरीज फिलहाल वेंटिलेटर सपोर्ट पर है।

जानकारी के अनुसार, हल्का बुखार आने पर मरीज को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उसे आगे उपचार के लिए कोझिकोड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जांच रिपोर्ट में निपाह वायरस संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं।

स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, मरीज हाल ही में एक गोदाम की सफाई के दौरान संक्रमण की चपेट में आया हो सकता है। निपाह वायरस मुख्य रूप से फल खाने वाले चमगादड़ों के माध्यम से फैलता है। मरीज के संपर्क में आए लोगों और अस्पताल स्टाफ को निगरानी में रखा गया है तथा आवश्यकतानुसार क्वारंटीन की सलाह दी गई है।

गौरतलब है कि 2018 के बाद से केरल में यह छठा निपाह प्रकोप है। इससे पहले 2024 में भी दो मामले सामने आए थे, जिनमें एक संक्रमित व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी। भारत में निपाह वायरस का पहला मामला वर्ष 2001 में पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में दर्ज किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button