दुबग्गा में दिनदहाड़े बम फेंकने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, गैंग सरगना भी शामिल

लखनऊ। दुबग्गा क्षेत्र में एस.आर. ट्रेडर्स बिल्डिंग पर दिनदहाड़े बम फेंकने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने 10 लाख रुपए की रंगदारी न मिलने पर यह वारदात अंजाम दी थी। हालांकि, एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

डीसीपी वेस्ट विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि 16 जनवरी 2026 को शाम लगभग 5:30 बजे ग्राम सिकरौरी स्थित एस.आर. ट्रेडर्स की बिल्डिंग पर अज्ञात बदमाशों ने बम फेंका था। यह बिल्डिंग ठकवा मलिहाबाद निवासी अंकित कुमार सिंह की थी। इसके पहले आरोपियों ने मोबाइल फोन पर धमकी देकर 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगी थी।

पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शेखपुरवा मोड़ से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इन्द्रेश कुमार सिंह (गैंग सरगना), ज्ञानेन्द्र कुमार, राज उर्फ राजा, मोनू और अंकित कुमार के रूप में हुई।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने 11 जनवरी को थाना मलिहाबाद क्षेत्र के ग्राम जगतापुर में एक व्यक्ति से मोबाइल फोन लूटा था। इसी लूटे गए फोन का इस्तेमाल कर एस.आर. ट्रेडर्स के मालिक को 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई। रंगदारी न मिलने पर 16 जनवरी को बम फेंककर दहशत फैलाने की साजिश रची गई।

इसके अलावा 22 जनवरी को आरोपियों ने थाना काकोरी क्षेत्र के ग्राम बहरू नहर किनारे एक राह चलती महिला से मोबाइल लूट लिया और अगले दिन उसी सिम का इस्तेमाल कर व्यापारी को जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने 26 जनवरी को दोबारा बमबाजी की तैयारी कर रहे आरोपियों के पास से 3 नाजायज देसी बम, लूटे गए मोबाइल और घटना में इस्तेमाल 2 मोटरसाइकिल बरामद कर निष्क्रिय कर दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button